सिटीहलचल न्यूज , धमदाहा |
सोमवार को दोपहर में दमैली पंचायत के नासी टोल में एबीवीपी संगठन के द्वारा खोला गया नि:शुल्क शिक्षण संस्थान का बिहार सरकार के खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन उपरांत सभी अतिथियों को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। मौके पर अपने संबोधन में मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि एबीवीपी ही एक मात्र ऐसा संगठन है, जो देश सेवा में लगा रहता है। हर वक्त समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहता है। आज हमें खुशी हो रही है कि संगठन का ही एक कार्यकर्ता के द्वारा निःशुल्क शिक्षण संस्थान खोला गया है। इसके लिए मैं संस्थान के संचालक को धन्यवाद देती हूं। इस कड़ी में उपस्थित लोगों से कहा कि आपलोग भी इनका सहयोग कीजिए। आधा पेट खाइए, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाइए। आपका बच्चा पढ़ेगा, तभी इस समाज का सूरत बदलेगा। यहां से यह एक प्रेरणा बनेगी। लोग इसके लिए आगे आएंगे। आपके समाज का बच्चा शिक्षित होगा। वह आगे चलकर इस समाज को आगे बढ़ाएगा।
वहीं एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता शशि शेखर कुमार ने कुमार ने कहा कि अभाविप हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही है। पूर्व में बिहार में आए कोसी त्रासदी में भी संगठन के कार्यकर्ता आगे आकर अपनी सेवा दिए हैं। एबीवीपी के कार्यकर्ता भारत के हर क्षेत्र में अपनी सेवा दे रहा है। इस संगठन का एक मात्र सोच सेवा देना है।
विभाग संयोजक अभिषेक आनंद ने कहा कि निःशुल्क सेवा एबीवीपी संगठन का कोई कार्यकर्ता ही कर सकता है। अन्य कोई संगठन ऐसा कर ही नहीं सकता है। आगे कहा कि शिक्षण संस्थान के संचालक अभिषेक कुमार इस पुनीत कार्य के लिए बधाई के पात्र है।
वहीं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील सिंह ने कहा कि आज एबीवीपी संगठन अपनी सेवा के माध्यम से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। हमलोग धमदाहा में भी देख रहे हैं कि संगठन अपना काम पूरी निष्ठा के साथ कर रही है। आज अभिषेक कुमार ने जो कार्य किया है, यह समाज के लिए एक दर्पण है। अब इनको सहयोग की आवश्यकता है। हमलोग हर वक्त इनके साथ रहेंगे। आरएसएस के जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख मुन्ना शर्मा ने एक गीत के माध्यम से उपस्थित अभिभावक और बच्चों के बीच अपनी बात को रखा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष रानी देवी, एबीवीपी पश्चिम के जिला संयोजक साजन कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी धीरज कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक सिंह, आरएसएस के खंड कार्यवाह हितेश गांधी, एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ता राकेश कुमार, नयन कुमार, बबलू कुमार, आशीष कुमार, कैलाश मेहता सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।