पूर्णियाँ/सिटी हलचल न्यूज़
पूर्णियाँ : राजा साहनी उर्फ मुन्ना माइकल उर्फ मोदी को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस गिरफ्त में आए मुन्ना को मरंगा पुलिस ने जख्मी हालत में पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। राजा साहनी कई बड़े बैंक लूटकांड का मास्टरमाइंड भी बताया जा रहा है। अपराधी को पकड़ने का ऑपरेशन नौगछिया और मरंगा पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया है।मिली जानकारी के अनुसार मुन्ना नवगछिया से अपने कुछ गुर्गों के साथ मरंगा थाना क्षेत्र के राइस मिल चौक से लगे फिजोन सीमेन सेंटर स्थित एक घर में छिपा हुआ था
पुलिस जब मकान को घेरकर उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। पुलिस और अपराधी के बीच उठापटक में नौगछिया का एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही घायल हो गया। वही अपराधी के सर में भी काँच का टुकड़ा घुस गया, जिसके बाद सभी को पूर्णियाँ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुन्ना अपराध की दुनिया में पंकज शर्मा के नाम से भी जाना जाता है। पंकज अपराध को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अपने नाम का सीधा फायदा उठाता था
मौके पर मौजूद सदर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सरोज ने बताया कि राजा साहनी कई बड़े लूटकांड का मास्टरमाइंड है। इसने दर्जनों लूटकांड की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में राजा शामिल था। इसने अररिया में 60 लाख ,नवगछिया में 40 की भीषण बैंक लूटकांड की घटना को अंजाम तक पहुंचाया है। इसके अलावा खगड़िया ,बेगूसराय और पटना में भी इसने बैंक लूटकांड की घटनाओं को अंजाम दिया है। पंकज नवगछिया से भागकर मरंगा स्थित मिल्की के नया टोला इलाके में छिपा हुआ था। नवगछिया और मरंगा थाना के सहयोग से घेराबंदी कर इसे पुलिस ने धर दबोचा।