पूर्णिया/सिटीहलचल न्यूज़
एकबार फिर नगर निगम चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने एक अधिसूचना जारी कर सभी अनुमंडल पदाधिकारी को उनके क्षेत्र में पड़ने वाले नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत चुनाव हेतु वार्ड वार मतदाता सूची तैयार करने के लिए निबंधन पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। इसके साथ ही अब नगर निगम नगर परिषद और नगर पंचायत में नए वोटर लिस्ट में मतदाताओं का नाम जोड़ने विलोपित करने का काम शुरू हो जाएगा। नए वोटर लिस्ट के प्रकाशन के बाद चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाएगी
राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना संख्या 50-14/2022 जारी कर सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), सभी अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखा है। साथ ही सभी जिला पदाधिकारी-सह-निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि अगर उनके क्षेत्राधीन किसी नगर पालिका में प्रशासक के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी अधिसूचित किए गए हो तो उन्हें प्रशासक पद से मुक्त कर किन्हीं अन्य पदाधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया जाए तथा अधिसूचना की पर्याप्त प्रतियां अपने स्तर से तैयार कर अपने क्षेत्राधीन अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने की कृपा की जाए
मालूम हो कि पूर्णिया में भी अभी नगर आयुक्त का पद रिक्त है। उनके पदभार में उप विकास आयुक्त को रखा गया है। अधिसूचना जारी होते ही अब सरकार भी नए नगर आयुक्त को भेजने की तैयारी कर रही है। पूर्णिया में एक नगर निगम, 2 नगर परिषद और 8 नगर पंचायत सृजित है। मई 2022 में सभी का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। सरकार की मंशा है कि सभी का चुनाव एकसाथ कराये।