ब्याहुत परिवार ने बलभद्र महोत्सव पर निकाली भव्य शोभायात्रा



मुरलीगंज में ब्याहुत पंचायत समिति के द्वारा महोत्सव का आयोजन। 


मुरलीगंज मधेपुरा 


शहर के गोलबाजार स्थित भगत धर्मशाला परिसर में ब्याहुत पंचायत समिति की ओर से रविवार को बलभद्र महोत्सव का आयोजन किया गया। शहर के ब्याहुत पंचायत समिति के द्वारा 36 वां बलभद्र महोत्सव पूजन अनुष्ठान शुभारंभ हुआ। आयोजन को लेकर ब्याहुत परिवार ने भव्य शोभायात्रा निकालकर शहर का भ्रमण किया गया। महोत्सव को लेकर बाजार का वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम स्थल भगत धर्मशाला परिसर में स्थापित ईष्टदेव भगवान बलभद्र की प्रतिमा का विधि-विधान वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओ की भीड़ उमड़ी रही। शोभायात्रा में दो छोटे बच्चो को बलराम कृष्ण के भेष में सजाकर रथ में बैठाया गया जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।


शोभायात्रा  पूजा स्थल से गाजे बाजे के साथ  निकलकर गोलबाजार, हरिद्वार चौक महावीर चौक, दुर्गा स्थान चौक, मिडिल चौक, हाट बाजार होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर समापन हुआ। इस दौरान भक्तगण पीला ध्वज लिए बलभद्र भगवान की जयकारा लगा रहे थे। भगवान बलभद्र की जयघोष से भक्ति का माहौल कायम रहा। ब्याहुत पंचायत समिति के अध्यक्ष शिवशंकर भगत ने बताया कि बलभद्र महोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विधि विधान के साथ ईष्टदेव भगवान बलभद्र की प्रतिमा का पूजन हुआ। इस दौरान ब्याहुत पंचायत समिति के सचिव प्रेमकुमार मुन्ना, कोषाध्यक्ष अशोक भगत, उपाध्यक्ष सुजीत कुमार शास्त्री सहित ब्याहुत परिवार सदस्य और श्रद्धालुओ शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post