पूर्णिया/सिटीहलचल न्यूज़
पूर्णिया में स्कूल की ड्यूटी के दौरान प्रिंसिपल की तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। मामला जलालगढ़ प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय सापा से जुड़ा है। मृतक की पहचान जलालगढ़ प्रखंड के एकंभा गांव निवासी स्वर्गीय सिंहेश्वर बैठा के बेटे अवधेश कुमार (45) के रूप में हुई है। मृतक 1994 बैच के बीपीएससी पास शिक्षक थे। जलालगढ़ प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय सापा में बतौर प्रधानाध्यापक व उच्च माध्यमिक विद्यालय हासी बेगमपुर में वे प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी देते हुए आदर्श मध्य विद्यालय सापा के शिक्षक कैलाश मंडल व मृतक की बहन रुनिका ने बताया कि प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार रोजाना की तरह ही आज जलालगढ़ के आदर्श मध्य विद्यालय सापा गए थे। यहां वर्ग संचालन के कार्य की देखरेख के क्रम में अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद वे जमीन पर गिर पड़े। ये सब देख बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। विद्यालय के शिक्षक व स्टाफ प्रिंसिपल को जलालगढ़ पीएचसी लेकर पहुंचे व परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी दी। ईधर प्रिंसिपल की लगातार बिगड़ती तबियत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें पूर्णिया मेडिकल कॉलेज पूर्णिया रेफर कर दिया।
जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रिंसिपल की मौत हो गई। इधर मृतक की मौत के बाद से परिजनों तक में चीख -पुकार मची है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटी और एक बेटे को छोड़ गए।