Top News

वीवीआरएस के विद्यार्थियों ने पोस्टरों में उतारे उद्यमिता के नए विचार



विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशील सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उद्यमिता चुनौती (एनईसी) 2026 के तहत विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल (वीवीआरएस) के ई-सेल द्वारा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 62 टीमों के 124 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया था। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने ‘मेरा स्वप्न व्यवसाय’, ‘मेरे समुदाय के लिए उपयोगी नवाचार’, ‘एक ऐसा उत्पाद जिसकी मैं कल्पना करता हूं’ और ‘युवा उद्यमी दुनिया बदल सकते हैं’ जैसे विषयों पर पोस्टर बनाए। वहीं, कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने ‘वास्तविक जीवन की समस्या का समाधान करने वाला स्टार्टअप’, ‘सतत भविष्य के लिए उद्यमिता’, ‘दैनिक जीवन में तकनीक एवं नवाचार’ और ‘उद्यमिता का भविष्य’ जैसे विषयों पर अपनी सोच प्रस्तुत की।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में समस्या पहचानने, समाधान तलाशने और नए विचार विकसित करने की क्षमता को बढ़ावा देना था। विद्यार्थियों ने तकनीक, पर्यावरण, सामाजिक विकास और स्टार्टअप से जुड़े विचारों को पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का संदेश ‘सृजन करें, अभिव्यक्त करें और प्रेरित करें’ रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव अभियंता राजेश चंद्र मिश्रा, निदेशक अभियंता रंजीत पॉल, उप-प्राचार्य गोपाल झा, गुरु चरण सिंह, रीता मिश्रा, प्रशासिका सुप्रिया मिश्र, प्रीति पांडेय, संस्थागत प्रमुख सी.के. झा, मनीष कुमार एवं आशीष झा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षक समन्वयक ज्ञान वर्धन कर्ण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ई-सेल से जुड़े शिक्षक-शिक्षिकाओं श्रेष्ठा मल्लिक, सुधाकर कुमार, प्रभास सरकार, तनुजा कुमारी, रितिका चंद एवं अरुणेश सुमन ने भी आयोजन में सहयोग किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होती है। प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े शिक्षकों को बधाई दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post