Top News

एमडीएम चावल मामले में एचएम निलंबित, पति-पुत्र फरार


मुरलीगंज प्रखंड गंगापुर पंचायत के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय खुसरूपट्टी में एमडीएम चावल के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एचएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीपीओ स्थापना ने विद्यालय की प्रभारी एचएम माला कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीआरसी कुमारखंड निर्धारित किया गया है। स्थापना शाखा से जारी आदेश के अनुसार, 15 अगस्त को विद्यालय से चावल ले जाने के प्रयास से संबंधित मामला सामने आने के बाद प्रभारी बीईओ को विद्यालय की स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए थे। बीईओ द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रभारी एचएम माला से स्पष्टीकरण मांगी गई थी। उनके द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण का विभागीय स्तर पर अवलोकन करने के बाद उसे असंतोषजनक पाया गया। आदेश में कहा गया है कि प्रभारी एचएम द्वारा उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना, कर्तव्य के प्रति उदासीनता तथा मध्याह्न भोजन योजना में लापरवाही बरती गई। इन्हीं आरोपों के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एचएम के निलंबन के बाद बीईओ ने विद्यालय के वरीय सहायक शिक्षक मो. अकरम को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में अधिकृत किया है। उन्हें विद्यालय का सम्पूर्ण वित्तीय एवं गैर-वित्तीय प्रभार प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पत्र प्राप्त होते ही प्रभार का आदान-प्रदान कर इसकी सूचना बीईओ कार्यालय को देने को कहा गया है। मालूम हो कि विद्यालय से एमडीएम का चावल ऑटो से ले जाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने ऑटो को पकड़कर पुलिस को सूचना दी थी। मामले में बीईओ के आवेदन पर पुलिस द्वारा प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है। इसके बाद शिक्षा विभाग की जांच में विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना सहित कई स्तर पर अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई थी। अब प्रभारी एचएम के निलंबन की कार्रवाई से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वही एचएम पति और पुत्र मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post