Top News

सरकारी राशि गबन मामले में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरसेला की जांच, टीम ने की पूछताछ

कुरसेला नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुरसेला ग्राम में सरकारी राशि के कथित गबन मामले को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। रसोईया पूनम देवी द्वारा डीएम से की गई शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने करीब चार महीने बाद विद्यालय पहुंचकर सघन जांच की।

प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी शांतनु कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने रसोईया, संबंधित एनजीओ और प्रधानाध्यापक से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की। जांच के दौरान विशेष रूप से रसोईया के खाते से राशि निकासी और उसके उपयोग को लेकर जानकारी जुटाई गई।
गौरतलब है कि 7 दिसंबर को सिटी हलचल अखबार में प्रकाशित खबर में आरोप लगाया गया था कि फर्जी तरीके से भुगतान कर, दो वर्षों से सफाई कर्मी नहीं होने के बावजूद राशि रसोईया के खाते में भेजकर निकाली गई। इस पूरे मामले में प्रधानाध्यापक और एजेंसी की मिलीभगत की भी बात सामने आई थी।

इसी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रखंड स्तरीय जांच टीम का गठन किया था। जांच के बाद प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी शांतनु कुमार ठाकुर ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की गई है और रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post