Top News

कदाचार पर कड़ा पहरा, CCTV निगरानी में हुई मैट्रिक परीक्षा


 वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 का प्रथम दिन सोमवार को धमदाहा अनुमंडल मुख्यालय में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार तथा अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी संदीप गोल्डी ने संयुक्त रूप से सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक सतर्कता के बीच दोनों पालियों की परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई और शांति से संपन्न हुई।

अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोनों पालियों को मिलाकर कुल 5912 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ हुई, जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से आयोजित की गई। प्रत्येक केंद्र पर केंद्राधीक्षक की उपस्थिति में प्रश्नपत्र वितरण से लेकर उत्तरपुस्तिका संकलन तक की प्रक्रिया कड़ी निगरानी में संपन्न कराई गई।

केंद्रवार उपस्थिति का ब्यौरा इस प्रकार रहा—

उच्च विद्यालय धमदाहा में प्रथम पाली में 435 में से 427 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 7 अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में 531 में से 525 उपस्थित रहे और 6 अनुपस्थित रहे।

आदर्श मध्य विद्यालय अमारी में प्रथम पाली में 323 में से 321 उपस्थित रहे, 2 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 374 में से 368 उपस्थित रहे और 6 अनुपस्थित रहे।

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कुकरौन मकतब में प्रथम पाली में 244 में से 243 उपस्थित रहे, 1 अनुपस्थित रहा। द्वितीय पाली में 219 में से 214 उपस्थित रहे, जबकि 5 अनुपस्थित रहे।
महंत मंगनी रामदास उच्च विद्यालय अमारी में प्रथम पाली में 334 में से 329 उपस्थित रहे और 5 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 255 में से 249 उपस्थित रहे, 6 अनुपस्थित रहे।

बीएनसी इंटर कॉलेज धमदाहा में प्रथम पाली में 390 में से 386 उपस्थित रहे और 4 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 402 में से 396 उपस्थित रहे, 6 अनुपस्थित पाए गए।

कन्या उच्च विद्यालय अमारी में प्रथम पाली में 340 में से 332 छात्राएं उपस्थित रहीं और 8 अनुपस्थित रहीं। द्वितीय पाली में 334 में से 329 उपस्थित रहीं और 5 अनुपस्थित रहीं।

मध्य विद्यालय धमदाहा हरिजन में प्रथम पाली में 328 में से 326 उपस्थित रहे और 2 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 320 में से 314 उपस्थित रहे और 6 अनुपस्थित पाए गए।

प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय धमदाहा में प्रथम पाली में 222 में से 219 उपस्थित रहीं और 3 अनुपस्थित रहीं। द्वितीय पाली में 233 में से 230 उपस्थित रहीं और 3 अनुपस्थित पाई गईं।

मध्य विद्यालय धमदाहा में प्रथम पाली में 255 में से 250 उपस्थित रहे और 5 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 249 में से 247 उपस्थित रहे और 2 अनुपस्थित पाए गए।

सभी केंद्रों को मिलाकर दोनों पालियों में कुल 82 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन की सतर्कता के कारण कहीं से भी कदाचार या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।

एसडीओ अनुपम कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। साथ ही दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के 100 गज की परिधि में तीन या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रश्नपत्र वितरण कक्ष, नियंत्रण कक्ष एवं प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभिभावकों की भीड़ को परीक्षा केंद्र से निर्धारित दूरी पर ही रोका गया, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन की सक्रियता और केंद्राधीक्षकों की सजगता के कारण प्रथम दिन की परीक्षा पूरी शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुई। अनुमंडल प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आगामी परीक्षाएं भी इसी प्रकार निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post