मुरलीगंज/सिटी हलचल न्यूज़
मधेपुरा : मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर कला पंचायत के अमारी श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित चार दिवसीय श्रीराम चरित्र मानस 69 वां अखिल महायज्ञाधिवेशन को लेकर कलश शोभायत्रा निकाली गई।अखिल भारतीय भ्रमणशील मानस प्रचार मंडल बाबा सिंहेश्वर संयुक्त नेपाल के तत्वाधान में राम जानकी ठाकुरबाड़ी अमारी हरिपुर कला में 4 से सात मार्च तक रामचरितमानस के 69वें अखिल महायज्ञाधिवेशन की भव्य शुभारंभ किया गया। आयोजन को लेकर यज्ञ स्थल से विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं की उपस्थिति में पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कलश यात्रा ठाकुरबाड़ी प्रांगण से हुई। जिसमें सैकड़ों महिलाएँ पवित्र जल से भरे कलश लेकर शामिल हुईं। शोभायात्रा में भजन-कीर्तन गाते हुए श्रद्धालु पूरे नगर में भ्रमण करते रहे। विभिन्न मार्गों से गुजर रहे कलश यात्रा पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूँज उठा
महायज्ञाधिवेशन के निवेदक रामशरण दास ने बताया कि इस चार दिवसीय आयोजन में रामचरितमानस पाठ, प्रवचन, भजन संध्या और हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। साथ ही, विद्वानों द्वारा रामचरितमानस के गूढ़ रहस्यों और आदर्श जीवन मूल्यों पर प्रवचन दिए जाएंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और भक्तों के लिए विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल कायम है
दूर-दूर से भक्तजन इस आध्यात्मिक महोत्सव में भाग लेने आ रहे हैं। समिति के अनुसार, इस महायज्ञाधिवेशन के माध्यम से समाज में भक्ति, शांति और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।आज के कलश यात्रा में गणमान्य मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, प्रकाश चंद्र यादव, सर्जना सिद्धि, श्वेत कमल उर्फ बौआ यादव, विश्वजीत कुमार और पिंटू मुखिया, ठाकुर चंदन सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण एवं सैकड़ो कुमारी कन्या महिलाएं मौजूद थे