पूर्णियाँ: 25 जुलाई को बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र के किसानों की किसान पंचायत बनमनखी कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में 11:00 बजे दिन से आहूत की गई है। किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए किसान नेताओं का क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में सघन रूप से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। किसान पंचायत में भारत सरकार द्वारा 2021-22 के लिए धान की खरीद के लिए निर्धारित एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) 1940 रुपया प्रति कुंटल पर खरीद की गारंटी के लिए आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस आशय की जानकारी बहुजन क्रांति मोर्चा के प्रमंडलीय प्रभारी सह किसान संघर्ष संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष प्रोफेसर आलोक कुमार ने दिया । प्रोफेसर आलोक ने कहा कि गत वर्ष 2020-21 में बिहार सरकार के मुखिया माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में 35.5 लाख टन धान एवं 3.5 लाख टन गेहूं की खरीद एम०एस०पी० पर करने का लक्ष्य पूरा करने की घोषणा किया
जबकि सतही सच्चाई है कि मात्र 5 से 7% किसान हीं अपना धान पैक्सों एवं व्यापार मंडलों के पास एम०एस०पी० पर बेच पाया। 90% धान किसान व्यापारियों के पास 1000 से 1100 प्रति कुंटल की दर से बेचने को मजबूर हुआ। पैक्सों में किसानों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर व्यापारियों से धान खरीद कर लक्ष्य की प्राप्ति की गई। प्रोफेसर आलोक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा समय पर धान की खरीद की गारंटी के लिए किसान पंचायत में किसानों द्वारा जिला एवं प्रमंडल स्तर पर आंदोलन के द्वारा सरकार तक इस मामले को रखने के लिए आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र के मोर्चा के संयोजक सुभाष प्रसाद सिंह एवं सहसंयोजक प्रोफेसर सुधीर यादव के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है
इस अभियान में किसान नेता मोहम्मद जियाउल, बिहार किसान मजदूर संघ के बनमनखी के प्रखंड अध्यक्ष जय कांत दास, मजदूर संघ के नेता इंद्रदेव यादव, पवन यादव, सच्चिदानंद यादव, चंदेश्वरी राम, मोहम्मद तजम्मूल, रघुनंदन यादव , नित्यानंद पासवान, चंदन भारती, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, अशोक शर्मा, दिनेश ऋषि, योगेंद्र यादव आदि लगे हुए हैं। किसान किसान पंचायत को कटिहार जिले के किसान नेता जय लाल सिंह कुशवाहा, किसान सभा के पूर्णिया जिला के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लामुद्दीन, बिहार किसान मजदूर संघ के संस्थापक अनिरुद्ध मेहता, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के प्रधान महासचिव कुमार साहब, सीमांचल किसान मोर्चा के अध्यक्ष गुलाम सरवर, किसान नेता श्रीधर विष्णु सहित प्रमुख किसान नेता भाग लेंगे।