:
कोढ़ा प्रखंड से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे तेजी से बढ़ रही व्यावसायिक गतिविधियों और अव्यवस्थित पार्किंग ने यातायात व्यवस्था व सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीटीहलचल की विशेष पड़ताल में डूमर चौक से चथरिया पीर चौक तक कई स्थानों पर सड़क के बिल्कुल किनारे ढाबे, होटल, ट्रांसपोर्ट कार्यालय, हार्डवेयर, खाद-बीज की दुकानें, चाय-नाश्ता केंद्र, मोटरसाइकिल गैरेज और अन्य प्रतिष्ठान संचालित होते मिले।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े वाहनों और ग्राहकों की भीड़ के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। पवई चौक, फुलवरिया चौक, गेड़ाबाड़ी बाजार, मुसापुर चौक, महिनाथपुर चौक और ब्लॉक मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर यातायात सबसे अधिक प्रभावित रहता है। कई जगहों पर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
राहगीरों का कहना है कि सड़क किनारे ढाबों, दुकानों और गोदामों के सामने ट्रकों की पार्किंग होने से पीछे से आने वाले वाहन चालकों को अचानक खड़े वाहन दिखाई देते हैं, जिससे कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं। पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को भी सड़क पार करने में परेशानी होती है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग से पूरे मार्ग का सर्वे कर सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण को व्यवस्थित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जाम और दुर्घटनाओं की समस्या और गंभीर हो सकती है।
Post a Comment