बैसा प्रखंड के पांच पंचायतों में पैक्स चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गई। नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए 7 तथा प्रबंध समिति सदस्य पद के लिए कुल 36 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रखंड निर्वाचन कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष कक्ष की व्यवस्था की गई थी, जहां निर्धारित नियमों के तहत उम्मीदवारों को प्रवेश दिया जा रहा था। नामांकन के दौरान विभिन्न पंचायतों से प्रत्याशियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। नंदनिया पंचायत से रागिब अंजुम, मंझौक पंचायत से राहिल, कंफलिया पंचायत से निगार खातून व प्रवीना खातून, मुंगरा प्याजी पंचायत से तिलक चन्द्र विश्वास, रंजनी रंजन विश्वास व सोगेन विश्वास तथा चंदेल पंचायत से सात सदस्य पद के उम्मीदवारों सहित कई अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। पूरे दिन नामांकन केंद्र पर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही, जिससे परिसर के बाहर हलचल का माहौल रहा। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राजकुमार चौधरी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीएओ चन्द्र भानु प्रकाश नियंत्रण कक्ष में मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते नजर आए। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत नामांकन कक्ष में केवल उम्मीदवार और उनके दो प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। नामांकन केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ देखने को मिली, लेकिन पुलिस बल की तैनाती और प्रशासन की सख्ती के कारण कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई।
पैक्स चुनाव नामांकन शांतिपूर्ण सम्पन्न, अध्यक्ष के 7 और सदस्य पद के 36 प्रत्याशी मैदान में
Cityhalchal News
0
Post a Comment