मुरलीगंज बाजार में बुधवार की रात चोरों ने लगातार चार दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों और शहरवासियों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने मिडिल चौक स्थित अरविंद यादव की किराना दुकान से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के सामान व नगदी चोरी कर ली। वहीं शंभू यादव की पान दुकान से लगभग छह हजार रुपये का सामान गायब कर दिया गया। इसके अलावा मुकेश जनरल स्टोर से करीब दस हजार रुपये के सामान पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। उधर गोल बाजार वार्ड संख्या सात स्थित बाबुल कुमार की पान दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब 15 हजार रुपये मूल्य का सामान और गल्ले में रखी नगदी चुरा ली गई। घटना के बाद पीड़ित तीनों दुकानदारों ने मुरलीगंज थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो चोरों का मनोबल और बढ़ सकता है। मामले में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एक ही रात चार दुकानों में चोरी, व्यापारियों में दहशत
Cityhalchal News
0
Post a Comment