भारत मुक्ति मोर्चा ने काली पट्टी बांध आज मनाया विरोध दिवस

पूर्णिया।स्थानीय रेणु उद्यान लाईन बाजार पूर्णिया 22जनवरी2024। भारत मुक्ति मोर्चा एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में आज सभी क्रांतिकारी बहुजन रेणु उद्यान में एकत्रित हुए। भारत मुक्ति मोर्चा के सभी अनुसांगिक संगठनों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल एवं सहभाग हुए।आज सभी अपने अपने बांहों में काली पट्टी बांध कर 22जनवरी को काला दिवस के रुप मे मनाया,जिसकी अध्यक्षता उमेश प्रसाद यादव  जिलाध्यक्ष भारत मुक्ति मोर्चा पूर्णिया ने की।
सर्व प्रथम भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ इंजीनियर हरिश्चंद्र मंडल जी द्वारा करवाया गया। सम्माननीय मंडल जी ने कहा कि आज के हीं दिन बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने संविधान सभा के प्रस्तावना को संविधान सभा में प्रस्तुत किया था।आज के हीं दिन अयोध्या में एवं पूरे देश में  केन्द्र सरकार के द्वारा धार्मिक उत्सव का रुप दिया जाना  राजनीति से प्रेरित और बीजेपी प्रायोजित है और संविधान सम्मत भी नहीं है।
मुख्य वक्ता प्रोफेसर आलोक कुमार प्रमंडलीय प्रभारी बहुजन क्रांति मोर्चा ने कहा कि भारतीय संविधान में सभी धर्मों को समान रूप देखा गया है। सरकार में रहते हुए आधिकारिक तौर पर किसी धार्मिक अनुष्ठानों को किया जाना संविधान सम्मत नहीं माना जा सकता है।साधु संतों के द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद भी 22जनवरी को हीं इस अनुष्ठान के लिए निश्चित किया जाना भारतीय संविधान के प्रस्तावना दिवस को जनमानस से हटाने का हीं षड्यंत्र है।
उमेश प्रसाद यादव, जिला अध्यक्ष भारत मुक्ति मोर्चा पूर्णिया ने कहा कि साकेत बौद्ध नगरी है, बौद्ध विरासत को संरक्षित किया जाना चाहिए।इस बौद्ध विरासत को नष्ट करते हुए साकेत का नाम परिवर्तन कर अयोध्या किया जाना,बौद्ध धरोहरों को नष्ट किया जाना , वहां राम मंदिर निर्माण कर प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा किया जाना बौद्धों के साथ न्यायोचित कार्य नहीं किया गया है। इसलिए हमलोग आज अपने बांहों में काली पट्टी बांध कर विरोध दिवस मना रहें हैं।
अंतत: सच्ची रामायण का पाठ किया गया, डॉ भीमराव अम्बेडकर के 22प्रतिज्ञाओं को दोहराने के पश्चात कार्यक्रम को सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर इंजीनियर रघुनंदन कामती अर्जक संघ, बबलू गुप्ता जिला प्रधान महासचिव भारत मुक्ति मोर्चा, हरिलाल पासवान जिला संयोजक भारत मुक्ति मोर्चा, बम-भोला साहनी जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, श्याम बाबू कुशवाहा जिला प्रधान महासचिव बुद्धिस्ट इंटरनेशनल नेटवर्क, प्रदीप पासवान जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय मूलनिवासी संघ, अधिवक्ता हेमंत कुमार, अधिवक्ता नारायण शर्मा,दिनेश शर्मा,निप्पू पासवान, उपेंद्र कुमार यादव, किसान संगठन के संस्थापक अनिरुद्ध मेहता, उपेंद्र दास,साध्वी चम्पा सहित अनेक गणमान्य महानुभावों की मौजूदगी रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post