कोढ़ा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मकईपुर के छात्र ऋतिक कुमार ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 472 अंक (94.4%) हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ वह विद्यालय और कोढ़ा प्रखंड में प्रथम स्थान पर रहे, वहीं जिले में छठा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इस गौरवपूर्ण सफलता के अवसर पर विद्यालय परिसर में सम्मान सह गौरव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका हेमलता कुमारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह उपस्थित रहीं।
समारोह में ऋतिक कुमार को प्रथम टॉपर के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कल्याणी कुमारी (459 अंक), तृतीय स्थान पर मो. इकबाल (442 अंक) और चतुर्थ स्थान पर प्रभात कुमार (428 अंक) को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा बिहार दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रभात कुमार को भी विशेष सम्मान दिया गया था ।
कार्यक्रम में कोढ़ा विधानसभा के भाजपा विधायक प्रतिनिधि रमन झा, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भोला झा सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण, लिपिक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post a Comment