Top News

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत धपरसिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान मुन्नी खातून (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका निकाह करीब 15 वर्ष पूर्व मो. काजिम (38 वर्ष), पिता मो. शरीफ, निवासी धपरसिया, थाना कदवा, जिला कटिहार से हुआ था।

मृतका की मां सितारा खातून ने कदवा थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि निकाह के कुछ वर्षों बाद से ही उनकी पुत्री को पति, ससुर और सास द्वारा बदचलन कहकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने बताया कि शनिवार (18 अप्रैल) की रात करीब 11 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक शव को फंदे से उतार दिया गया था और आरोपित सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।

घटना के बाद मृतका के चार छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही कदवा थाना अध्यक्ष विजय प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post