नगर परिषद मधेपुरा की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व पार्षद एवं भावी मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने नगर परिषद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये का टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन जनता को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।
विनीता भारती ने शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ले का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार से एसबीआई रोड होते हुए लक्ष्मीपुर जाने वाली सड़क पर नाला निर्माण के बाद महीनों से गड्ढे खोदे हुए हैं, जिनमें गंदा पानी जमा है। इससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के पदाधिकारी टैक्स वसूली में तो सक्रिय हैं, लेकिन विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। “शहर के दुकानदारों को टैक्स के नाम पर परेशान किया जा रहा है और दुकानें सील करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि सड़कों की हालत बदहाल है,” उन्होंने कहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलजमाव के कारण कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। साथ ही, सड़क पर बने गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है।
विनीता भारती ने नगर परिषद के मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी से अपील करते हुए कहा कि पहले बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, उसके बाद ही टैक्स वसूली की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर परिषद से जल्द जलनिकासी एवं सड़क मरम्मत की मांग की है।
Post a Comment