कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोढ़ा के पीछे नहर पुल के समीप छापेमारी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
पकड़ा गया आरोपी मुन्ना ग्वाला (करीब 30 वर्ष), नया टोला जुराबगंज वार्ड संख्या-01, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 25.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे वह अवैध रूप से परिवहन कर रहा था।
पुलिस को जैसे ही तस्करी की सूचना मिली, टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी और मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि कोढ़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment