कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में भूमि विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीन-तीन एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा घटना में विपक्षी पक्ष के लोगों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र के विषहरिया पंचायत की बताई जा रही हैं।
घायल युवक अमन कुमार ने बताया कि वह अपने मक्का की फसल देखने खेत गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे रूपेश सिंह और राजू सिंह ने उस पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक गोली उसकी कमर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल के भाई रघुनंदन कुमार ने बताया कि गांव में जमीन को लेकर दयानंद सिंह के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके माता-पिता के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किया गया था, जिसकी प्राथमिकी थाना में दर्ज है।
परिजनों का आरोप है कि कई मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ता गया।
घटना के बाद परिजन घायल अमन कुमार को लेकर कोढ़ा थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद इलाज के लिए कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
लगातार हो रही घटनाओं और पहले से दर्ज तीन एफआईआर के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता पर स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो इस तरह की घटना नहीं होती।
Post a Comment