Top News

सिर पर मौत का साया: हाईटेंशन तार ने ली युवक की जान, गांव में आक्रोश

कोढ़ा प्रखंड के विनोदपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब गांव में रामनवमी की तैयारी चल रही थी।

मृतक की पहचान अमरजीत कुमार (पिता—धिरेन महालदार) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमरजीत बांस छीलने का काम कर रहा था। इसी दौरान बांस ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से सट गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची रौतारा प्रशासन की टीम एवं कोढ़ा के अंचलाधिकारी संजीव कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

इधर, ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि करीब 1.32 लाख केवी का हाईटेंशन तार गांव के कई घरों के ऊपर से गुजर रहा है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हाईटेंशन तार को हटाने या सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post