Top News

भवानीपुर को मिली उच्च शिक्षा की सौगात: बरहड़ी विद्यालय में खुलेगा डिग्री कॉलेज, 1 जुलाई से पढ़ाई संभव


भवानीपुर/संवाददाता बमबम यादव 
रुपौली विधानसभा क्षेत्र के भवानीपुर प्रखंड में उच्च शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई है। बरहड़ी स्थित +2 बिरंची मंडल विद्यालय बरहड़ी को नए डिग्री कॉलेज के संचालन के लिए चिन्हित किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आगामी 1 जुलाई से यहां स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू होने की संभावना है। स्थायी भवन निर्माण तक इसी विद्यालय परिसर में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय रुपौली विधानसभा क्षेत्र के  लोकप्रिय विधायक सह पूर्व शिक्षक कलाधर प्रसाद मंडल के लगातार प्रयासों को दिया जा रहा है। लंबे समय से भवानीपुर में डिग्री कॉलेज की मांग उठती रही थी, जिसे विधायक ने सरकार के समक्ष मजबूती से रखा और अंततः स्वीकृति दिलाई। कॉलेज की मंजूरी से भवानीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है ।
अब तक छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर शहरों में जाना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बड़ी चुनौती थी। ऐसे में स्थानीय स्तर पर कॉलेज खुलने से खासकर छात्राओं को सुरक्षित और सुलभ उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। प्रारंभिक चरण में कला और वाणिज्य संकाय से पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार दिनकर ने कहा, “लोकप्रिय विधायक कलाधर प्रसाद मंडल के अथक प्रयासों से भवानीपुर को डिग्री कॉलेज की सौगात मिली है। यह क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे शिक्षा और सामाजिक प्रगति को नई रफ्तार मिलेगी।”
वहीं युवा जदयू नेता अमन सिंह ने कहा, “यह निर्णय भवानीपुर के युवाओं के सपनों को पंख देने वाला है। अब हमारे क्षेत्र के छात्र-छात्राएं अपने घर के पास ही स्नातक की पढ़ाई कर सकेंगे। 1 जुलाई से पढ़ाई शुरू होने की संभावना से युवाओं में नया उत्साह है।”

Post a Comment

Previous Post Next Post