15910 डाउन अवध असम एक्सप्रेस से बठिंडा से किशनगंज आ रहा पहाड़कट्टा निवासी तारिक अनवर लापता हो गया है। पति के किशनगंज नहीं पहुंचने और मोबाइल पर संपर्क नहीं होने से परेशान पत्नी हमीदा बेगम ने टाउन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले में अग्रतर कार्रवाई के लिए बठिंडा रेल थाना भेज दिया है।
हमीदा बेगम ने पुलिस को बताया कि उनके पति तारिक अनवर रोजगार के सिलसिले में बठिंडा गए थे। वहां से घर लौटने के लिए वह गत 23 अक्टूबर को बठिंडा रेलवे स्टेशन से 15910 डाउन अवध असम एक्सप्रेस की पीछे वाली जनरल बोगी में सवार हुए थे। उन्हें 24 अक्टूबर को किशनगंज पहुंचना था। पति को लेने के लिए हमीदा बेगम किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचीं, लेकिन ट्रेन के पहुंचने के बाद भी तारिक अनवर वहां नहीं मिले।
इसके बाद उन्होंने पति से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। परिजनों ने भी संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद हमीदा बेगम ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन कर पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, अब तक तारिक अनवर का कोई पता नहीं चल सका है। पति के लापता होने से परिजन परेशान हैं।
Post a Comment