Top News

सीआरपीएफ जवान का निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई


सीआरपीएफ में एएसआई (जीडी) के पद पर कार्यरत प्राण मोहन शर्मा का ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के क्रम में निधन हो गया। वे जम्मू में डिटेक्शन ड्यूटी पर तैनात थे, जबकि उनकी पोस्टिंग धनबाद में थी।

जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात उन्हें अचानक चक्कर आया। इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। सीआरपीएफ मोकामा के जवानों ने पटना एयरपोर्ट से उनका पार्थिव शरीर रिसीव कर बरारी स्थित पैतृक गांव पूर्वी बारीनगर पंचायत के फार्म टोला पहुंचाया। इससे पहले काढ़ागोला गंगा घाट पर सीआरपीएफ के नौ जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान इंस्पेक्टर रामाधर सिंह और सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार शर्मा मौजूद रहे।

प्राण मोहन शर्मा चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई रविकांत ठाकुर बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं, जबकि दो अन्य भाई व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके पिता उपेंद्र प्रसाद ठाकुर अस्वस्थ रहते हैं और माता का पहले ही निधन हो चुका है।

दिवंगत जवान अपने पीछे पत्नी मीनू देवी, दो पुत्र श्रीजीत कुमार और अभिनव कुमार तथा एक पुत्री को छोड़ गए हैं। दोनों पुत्र करीब 20 से 22 वर्ष के हैं और पढ़ाई कर रहे हैं।

उनके निधन पर मुखिया प्रतिनिधि मशकूर आलम, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, अजय कुमार चौधरी, राजू ठाकुर, दिलीप ठाकुर, मुनेश्वर ठाकुर, गोपाल ठाकुर और संजीव ठाकुर सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। जवान के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post