कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर पूर्णिया में जिला स्तरीय ‘स्नातक संवाद’ का आयोजन आगामी 6 सितंबर, रविवार को कला भवन में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्नातक मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने, मतदान प्रतिशत में वृद्धि तथा पूर्णिया के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद करना है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नवरत्न हाता स्थित प्रधान कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस को संबोधित करते हुए भावी एमएलसी उम्मीदवार एवं शिक्षाशास्त्री रजनीश रंजन ने बताया कि पूर्णिया जिले के सभी प्रखंडों एवं अनुमंडलों के पंजीकृत स्नातक मतदाताओं तक निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संवाद में राज्यहित, जिला हित और स्नातक हित से जुड़े सवालों पर मतदाताओं से मार्गदर्शन और सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सहरसा, सुपौल, अररिया, खगड़िया, लखीसराय, मधेपुरा और भागलपुर में जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों सवाल सामने आए हैं। अब पूर्णिया के प्रबुद्ध नागरिकों और स्नातक मतदाताओं के सवालों का जवाब देने की तैयारी है।
रजनीश रंजन ने स्नातकों से जुड़े कई मुद्दों पर पहल का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक आर्थिक सहायता, वित्तरहित महाविद्यालयों में समान कार्य के बदले समान वेतन, स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा तथा शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और संविदा कर्मियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
इसके अलावा अधिवक्ताओं के लिए विशेष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना तथा जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर आधुनिक पुस्तकालयों के विकास का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि स्नातकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14 जिले शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि पूर्णिया अब तक स्नातक एमएलसी के स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व से वंचित रहा है। ऐसे में 6 सितंबर को होने वाला संवाद कितना प्रभावी रहता है और स्नातक मतदाताओं की ओर से कौन-कौन से प्रमुख मुद्दे सामने आते हैं, यह देखने वाली बात होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला प्रभारी मुरारी सिंह, कार्यक्रम प्रभारी मनोज बाबू, व्यवस्थापक प्रवीण जी सहित दर्जनों सहयोगी मौजूद थे।
Post a Comment