:
कोढ़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को थाना के समीप NH-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान फुलवरिया पंचायत के पचमा गांव निवासी नीतीश कुमार (22), पिता अजीत चौधरी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेराबाड़ी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बाइक सवार युवक आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया जीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोढ़ा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों के आवेदन पर ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
युवक का पोस्टमार्टम पूर्णिया में कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने NH-31 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।
Post a Comment