Top News

कटोरिया कांवरियों की सेवा शिविर के लिए रवाना हुई कोढ़ा के युवाओं की टोली


सावन माह में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था, श्रद्धा और सेवा भाव का अनूठा संगम एक बार फिर कोढ़ा नगर पंचायत में देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोढ़ा के युवाओं की टोली कांवरियों और डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से कटोरिया स्थित सेवा शिविर के लिए रवाना हुई। युवाओं ने भोजन, शुद्ध पेयजल, फल, प्राथमिक उपचार के लिए दवाइयां तथा अन्य आवश्यक सामग्री के साथ यात्रा शुरू की। रवाना होने से पहले सभी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सेवा कार्य की सफलता एवं श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना की।

सावन के दौरान सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालु कटोरिया मार्ग से होकर गुजरते हैं। इन्हीं शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोढ़ा के युवा पिछले कई वर्षों से कटोरिया में सेवा शिविर का संचालन कर रहे हैं। शिविर में कांवरियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। युवाओं ने बताया कि सेवा शिविर में दिन-रात रहकर श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता की जाएगी।

भाजपा युवा मोर्चा कटिहार जिला उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी रवि चौधरी ने कहा कि सावन भगवान भोलेनाथ की आराधना का पवित्र महीना है और शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्य करेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

समाजसेवी मिथुन पूर्वे ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी युवा एकजुट होकर सेवा शिविर का संचालन करेंगे और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। वहीं दीपक कुमार साह ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा से मिलने वाला आत्मिक संतोष ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है और इसी भावना के साथ पूरी टीम सेवा में जुटेगी।

सेवा टोली में रवि चौधरी, मिथुन पूर्वे, टिंकू चौधरी, मुकेश राय, रंजीत कुमार, गोलू नायक, राकेश चौधरी, सोनू चौधरी, दीपक कुमार साह, राणु यादव, लक्ष्मण पोद्दार, बिट्टू भगत, विनीत मेहता, निम्मी बिहार, शंकर साह, अमन कुमार अमन, शंकर मेहता, राजा चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post