Top News

प्रसव के बाद मां-बेटे की मौत, निजी नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप; परिजनों का हंगामा

:

कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में प्रसव के बाद मां और नवजात की मौत से सनसनी फैल गई। परिजनों ने एक निजी नर्सिंग होम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर दोनों शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतका की पहचान रौनियां पंचायत के बक्कीकोल गांव निवासी कांचल कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की मां बॉबी देवी ने आरोप लगाया कि प्रसव पीड़ा होने पर कांचल को बरारी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद उसने पुत्र को जन्म दिया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद मां और नवजात दोनों की तबीयत बिगड़ गई। नवजात को पूर्णिया रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कांचल की हालत भी लगातार बिगड़ती गई और उसे भी पूर्णिया के गांधी नर्सिंग होम भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद कांचल का पेट असामान्य रूप से फूल गया और दर्द से तड़पने के बावजूद समुचित इलाज नहीं किया गया। उनका दावा है कि एक ही रात में 25 से 30 इंजेक्शन लगाए गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कथित रूप से अवैध निजी नर्सिंग होम के बाहर दोनों शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में कोढ़ा अंचल निरीक्षक साजिद आलम और कटिहार सदर एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं कटिहार के सिविल सर्जन ने बताया कि मामले की जांच के लिए जिला स्तरीय टीम गठित की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post