सावन की पहली सोमवारी पर कुर्सेला के शहीद चौक स्थित मनकामेश्वर शिव मंदिर सहित प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर "हर-हर महादेव", "बोल बम" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
अहले सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिमोहनी संगम तट पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र स्नान किया। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से गोताखोरों की तैनाती की गई थी। संगम से गंगाजल लेकर श्रद्धालु मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद कई श्रद्धालु प्रखंड के अन्य शिवालयों में भी जल चढ़ाने के लिए रवाना हुए।
मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते हुए दर्शन-पूजन करते नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं मंदिर समिति ने पहले से ही साफ-सफाई, पेयजल, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित तैयारी कर रखी थी।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई थीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
Post a Comment