ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे से जेसीबी की बैटरी चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को बिहार-पश्चिम बंगाल सीमा के पास संयुक्त अभियान चलाकर दबोचा गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी सीमा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर ठाकुरगंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल के विधाननगर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बराननकार निवासी 24 वर्षीय मो. मनान, पिता मसीरुद्दीन, के रूप में हुई है। वह इस मामले का प्राथमिक अभियुक्त है।
मामले के शिकायतकर्ता पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के सोनापुर निवासी ब्रज किशोर गुप्ता हैं, जो धुलाबाड़ी ननकार स्थित गुप्ता ब्रिक्स ईंट भट्ठे के संचालक हैं। उन्होंने दर्ज कराई गई शिकायत में बताया था कि 8 दिसंबर 2024 को उनके भट्ठे पर खड़ी पोकलैंड/जेसीबी मशीन से एक्साइड एक्सप्रेस कंपनी की लाल रंग की दो बैटरियां चोरी कर ली गई थीं।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में मो. मनान बैटरियां निकालते हुए दिखाई दिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की बैटरियां अकबर को बेची थीं, जिसने बाद में उन्हें नुरुद्दीन के हाथों बेच दिया।
इस मामले में ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 192/24 दर्ज है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment