पड़ोसी देश नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में एक सप्ताह पूर्व हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। नेपाल प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा बलों की लगातार तैनाती और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हिंसा प्रभावित अधिकांश क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है।
शांति एवं सामाजिक सौहार्द बहाल करने के उद्देश्य से नेपाल के विभिन्न शहरों और कस्बों में सद्भावना रैलियां निकाली जा रही हैं। इन रैलियों में मदरसों के मौलवी, हिंदू धर्म के साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोग एक मंच पर आकर भाईचारे, आपसी विश्वास और सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
इधर, भारत-नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले के जोगबनी बॉर्डर पर भी स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सीमा पार लोगों की आवाजाही नियमित रूप से जारी है और व्यापारिक गतिविधियां भी बिना किसी बाधा के संचालित हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखे हुए हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बनी हुई है।
हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था अभी भी कड़ी रखी गई है, लेकिन समग्र रूप से हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में हालात पहले की तुलना में काफी बेहतर बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है। नेपाल प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में पूरी तरह शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Post a Comment