Top News

युवाओं ने श्रमदान से बनाई अंडरपास की ढलान, वाहन चालकों को मिली बड़ी राहत


कढ़ागोला 5बी रेलवे अंडरपास पर लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी ऊंची ठोकर का समाधान क्षेत्र के युवाओं ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए स्वयं कर दिया। सोमवार को युवाओं ने श्रमदान कर अंडरपास के बाहरी हिस्से में बने ठोकर के दोनों ओर सीमेंट-कंक्रीट की ढलान तैयार की, जिससे आवागमन काफी आसान हो गया।

इस अभियान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लक्की सोढ़ी, जगदीप सिंह हनी, आईएमआई केयर फाउंडेशन के सदस्य, सुमित कुमार छोटू, रिशु सिंह, मोहित यादव समेत कई युवाओं ने अपने निजी सहयोग से गिट्टी, बालू और सीमेंट की व्यवस्था की। इसके बाद सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए ढलान का निर्माण किया।

ढलान बनने से अब दोपहिया, चारपहिया और छोटे मालवाहक वाहनों का आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान हो गया।

बताया जाता है कि अंडरपास के बाहरी हिस्से में बनी ऊंची ठोकर के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। लोगों का कहना है कि जिस कार्य की उम्मीद संबंधित विभाग से थी, उसे क्षेत्र के युवाओं ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए श्रमदान और जनसहयोग से पूरा कर एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post