Top News

धरमपुर के पलासी गांव में 7.48 लाख की लागत से नाला निर्माण शुरू, हजारों बीघा कृषि भूमि को मिलेगा लाभ

:


कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड की धरमपुर पंचायत अंतर्गत पलासी गांव में शुक्रवार को नाला निर्माण योजना का विधिवत उद्घाटन किया गया। योजना का उद्घाटन क्षेत्र संख्या-26 के जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार ने फीता काटकर किया।

यह नाला जिला परिषद निधि से पंद्रहवीं वित्त आयोग योजना के तहत लगभग 7 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बनाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि नाला बनने से पलासी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या दूर होगी और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उद्घाटन के दौरान जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार ने कहा कि इस नाला निर्माण से हजारों बीघा कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्षों से पानी निकासी और सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को खेती में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाला बनने के बाद खेतों तक पानी की पहुंच आसान होगी और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस नाले के निर्माण की मांग कर रहे थे। पूर्व में योजना का कुछ हिस्सा पूरा किया गया था, लेकिन शेष कार्य अधूरा रह गया था। अब 7.48 लाख रुपये की लागत से बचे हुए हिस्से का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में धरमपुर पंचायत के मुखिया मो. रकीब आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि पहले भी कई जिला परिषद सदस्य चुने गए, लेकिन किसी ने इस महत्वपूर्ण नाला निर्माण कार्य को पूरा कराने की पहल नहीं की। उन्होंने जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस मौके पर मुखिया मो. रकीब आलम, मो. यासीन, मो. सफी महबूब, दुलाल, वार्ड सदस्य मो. अशफाक, पिंटू, मो. राजू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post